‘ब्रेक्झिट’ के बाद अमरिकी प्रांतों में अलगाववादी आंदोलन प्रबल

टेक्सास और कॅलिफोर्निया प्रांत दे रहे हैं ‘एक्झिट’ के संकेत

us-texitवॉशिंग्टन, दि. ५ (वृत्तसंस्था) – ब्रिटन द्वारा युरोपीय संघ से बाहर निकलने का फ़ैसला किया जाने के बाद, उसका असर सीधा अमरीका तक देखने को मिल रहा है| ४ जुलाई को एक तरफ़ जब अमरीका अपना स्वतंत्रतादिवस मना रही थी; वहीं, दूसरी तरफ़ ‘युनायटेड स्टेट्स ऑफ अमरीका’ के कुछ प्रांतों ने अमरीका से अलग होने की तैयारी शुरू की हुईं दिखायी दे रही हैं| अमरीका के प्रमुख प्रांत टेक्सास और कॅलिफोर्निया ने इसमें पहल की है| इन दोनों प्रांतों में अलग अभियान भी शुरू हो चुके हैं| अमरीका में चार महीनें बाद होनेवाले राष्ट्राध्यक्षपद के चुनाव को देखते हुए ये गतिविधीयॉं काफी महत्त्वपूर्ण मानी जाती हैं|

‘ब्रेक्झिट’ का फ़ैसला आने के बाद करीब दो हफ्तों का समय बीत चुका है| इस कालावधि में, कई युरोपीय देशों में, संघ से अलग होने की माँग ज़ोर पकड़ती हुई दिखायी दे रही है| ब्रिटन के बाद फ्रान्स, ऑस्ट्रिया, इटली जैसे प्रमुख देशों में भी ‘एक्झिट’ की माँग को लेकर अभियान शुरू होने के संकेत मिले थे| पर इस ‘ब्रेक्झिट’ का असर सिर्फ़ युरोप में ही नहीं, बल्कि सीधे अमरीका में शुरू हुए अलगाववादी अभियानों को भी बल देता हुआ दिखाई दे रहा है|

अमरिकी अर्थव्यवस्था में महत्त्वपूर्ण योगदान देनेवाले टेक्सास प्रांत में ‘टेक्सास नॅशनलिस्ट मुव्हमेंट’ नामक दल की स्थापना की गयी है| इस दल द्वारा इंटरनेट पर जोरदार अभियान छेडा गया है| टेक्सास प्रांत के इतिहास का हवाला देते हुए, यह प्रांत सन २०१८ तक अमरीका से अलग हो सकता है ऐसा दावा किया गया है| टेक्सास प्रांत की अर्थव्यवस्था अब १.६ लाख करोड़ डॉलर्स इतनी है| इस आधार पर ‘टेक्सास नॅशनलिस्ट मुव्हमेंट’ ने आगे बताया है कि अलग होने के बाद भी टेक्सास की अर्थव्यवस्था दुनिया की १० प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में मानी जायेगी।

इस दल द्वारा इंटरनेट पर शुरू किये गए अभियान को करीब ढ़ाई लाख से अधिक लोगों ने समर्थन दिया है| सोशल नेटवर्किंग साईट पर ‘टेक्जिट’ नाम से ट्रेंड भी शुरू हो चुका है| टेक्सास की विद्यमान अवस्था ब्रिटन से काफ़ी मेलजोल रखनेवाली है, ऐसा भी दावा किया गया है| ‘टेक्सास नॅशनलिस्ट मुव्हमेंट’ ने माँग की है कि टेक्सास के गवर्नर ग्रेग ऍबॉट पर दबाव डालते हुए, अमरीका से अलग होने के मसले पर जनमतसंग्रह लेना चाहिए|

टेक्सास के साथ ही ‘सिलिकॉन व्हॅली’ वाले कॅलिफोर्निया प्रांत में भी, अमरीका से अलग होने की माँग शुरू हो गयी है| सोशल मीडिया में ‘येस, कॅलिफोर्निया’ नाम के गुट का निर्माण किया गया है| ‘कॅलिफोर्निया रिपब्लिक’ नाम का अलग ध्वज भी तैयार किया गया है| इस गुट ने ८ सितंबर को  ‘कॅलिफोर्निया इंडिपेंडन्स रॅली’ का आयोजन भी किया है| स्वतंत्रता की माँग पर किये हुए सर्वेक्षण में, तक़रीबन ४० प्रतिशत से भी अधिक लोगों ने ‘हाँ’ में जवाब दिया होने का दावा भी ‘येस, कॅलिफोर्निया’ द्वारा किया गया है|

अमरीका में, आनेवाले चार महीनों में राष्ट्राध्यक्षपद के लिए चुनाव संपन्न होनेवाले है| उससे पहले अलगाववादी आंदोलन को मिलता समर्थन अमरिकी राजनीतिक व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती साबित हो सकता है|

Leave a Reply

Your email address will not be published.