महाराष्ट्र में २४ घंटों में कोरोना के २७ हज़ार नए मामले दर्ज़

– नागपुर में ‘लॉकडाउन’ में हुई बढ़ोतरी

– मुंबई में भीड़ के ठिकानों पर होगी ‘एंटिजन टेस्ट्स’

मुंबई – महाराष्ट्र में कोरोना की दूसरी लहर से संक्रमितों की संख्या बड़ी तेज़ी से बढ़ रही है। इससे पहले लगातार दो दिनों से राज्य में कोरोना के २५ हज़ार से अधिक नए मामले दर्ज़ हुए थे। शनिवार के दिन राज्य में देखे जा रहे कोरोना के नए मामलों की संख्या ने २६ हज़ार का आँकड़ा पार किया। काफी तेज़ गति से फैल रहे कोरोना संक्रमण की पृष्ठभूमि पर राज्य में फिर से ‘लॉकडाउन’ घोषित होने की संभावना प्रतिदिन बढ़ रही है। नागपुर में बीते हफ्ते से ‘लॉकडाउन’ शुरू है। अब वहां पर ‘लॉकडाउन’ की अवधि ३१ मार्च तक बढ़ाई गई है। साथ ही मुंबई में भीड़ के ठिकानों पर ‘ऐंटिजन’ परीक्षण करने का निर्णय मुंबई महानगरपालिका ने लिया है।

शनिवार के दिन राज्य में कोरोना के २७,१२६ नए मामले दर्ज़ हुए और ९२ संक्रमितों की मृत्यु हुई। एक दिन में दर्ज़ हो रहे नए मामले और मृतकों की संख्या प्रतिदिन बढ़ने से चिंता और भी बढ़ी है। फिलहाल राज्य में कोरोना के १.९१ लाख एक्टिव मामले हैं। बीते महीने के शुरू में राज्य में एक्टिव केसेस की संख्या ३० हज़ार से भी कम थी। इससे राज्य में अब कितनी तेजी से कोरोना संक्रमण फैल रहा है, यह स्पष्ट हो रहा है। राज्य सरकार ने घोषित किए आँकड़ों के अनुसार राज्य में ९ लाख १८ हज़ार ४०८ लोगों को होम क्वारंटाईन किया गया है और मात्र ७,९५३ संक्रमित संस्थात्मक क्वारंटाईन में हैं।

शनिवार के दिन मुंबई में कोरोना के २,९८२ नए मामले सामने आए। ठाणे क्षेत्र में ५,६१७ नए संक्रमित पाए गए। नाशिक क्षेत्र में ४,२८० नए मामले दर्ज़ हुए हैं और पुणे क्षेत्र में सबसे अधिक ६,११७ मामले पाए गए हैं। इनमें से ३,२०० मामले पुणे पालिका क्षेत्र के हैं। देश में सबसे तेज़ी से कोरोना संक्रमण पुणे में होने की बात स्पष्ट हुई है। देश के मौजूदा ऐक्टिव केसेस में से १३ प्रतिशत संक्रमित पुणे में हैं। इससे पुणे में गंभीर स्थिति स्पष्ट होती है।

नागपुर क्षेत्र में कोरोना के ४,४३३ नए मामले पाए गए हैं और इनमें से २,८७३ मामले नागपुर पालिका क्षेत्र के हैं। नागपुर शहर में १५ मार्च से ‘लॉकडाउन’ शुरू किया गया है फिर भी नागपुर में कोरोना संक्रमण अभी कम नहीं हुआ है। बल्कि वहां पर कोरोना संक्रमण अधिक बढ़ रहा है। इस पृष्ठभूमि पर प्रशासन ने जारी किए प्रतिबंध कायम रखने का निर्णय किया है। साथ ही नागपुर शहर में ३१ मार्च तक लॉकडाउन बढ़ाया गया है। इस पृष्ठभूमि पर नागपुर से मज़दूरों ने दोबारा अपने गांव लौटना शुरू किया है। इस वजह से बस अड्डों पर काफी भीड़ हो रही है और इससे कोरोना संक्रमण अधिक फैलेगा, यह ड़र व्यक्त किया जा रहा है।

राज्य में ‘लॉकडाउन’ लगाना आखिरी विकल्प होने का बयान मुख्यमंत्री ने हाल ही में किया था और जनता को नियमों का पालन करने का आवाहन भी किया था। लेकिन, जिस गति से मुंबई समेत राज्य के अन्य स्थानों पर कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है और नियमों का उल्लंघन होता हुआ दिखाई दे रहा है, इसे देखकर राज्य में फिर से ‘लॉकडाउन’ की संभावना बढ़ रही है, ऐसे दावे किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.