महाराष्ट्र में हुई भारी बारिश के मृतकों की संख्या बढ़कर २०७ हुई – केंद्र सरकार ने बाढ़ पीड़ित किसानों के लिए किया ७०० करोड़ रुपयों के पैकेज का ऐलान

मुंबई/नई दिल्ली – महाराष्ट्र में हुई भारी बारिश के दौरान मृत हुए लोगों की संख्या २०७ हुई है। साथ ही इस विपत्ति से अब तक २९ हज़ार पालतू जानवर और पशू एवं ढ़ोरों की मौत हुई है। इस विपत्ति के बाद कई लोग अब तक लापता हैं और इससे मृतकों की संख्या और भी बढ़ने का ड़र बना हुआ है। सौभाग्यवश अब सांगली जिले में बाढ़ का जलस्तर कम हुआ है। कोल्हापुर और सातारा में बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन अब धीरे धीरे सामान्य हो रहा है। लेकिन, बाढ़ के प्रवाह में रास्ते, खेत, घर और दुकान बह जाने से काफी नुकसान हुआ है और इससे निर्माण स्थिति फिर से सामान्य करने की बड़ी चुनौती खड़ी होगी। ऐसे में केंद्र सरकार ने महाराष्ट्र के बाढ़ पीड़ित किसानों के लिए ७०० करोड़ रुपयों के पैकेज का ऐलान किया है। केंद्रीय कृषिमंत्री ने इस पैकेज के निर्णय की जानकारी साझा की।

महाराष्ट्र में भारी बारिश के बाद निर्माण हुई बाढ़ की स्थिति में अब सुधार हुआ है। लेकिन, इससे हुए नुकसान से जल्द उभरना संभव नहीं होगा। बाढ़ से पीड़ित किसान और व्यापारियों का बड़ा नुकसान हुआ है। साथ ही कुछ हिस्सों में अब तक पानी और बिजली की सप्लाई खंड़ित है। आम नागरिकों के संसार तबाह हुए हैं। कई घरों में सारा सामान खराब हो गया है या बह गया है। कुछ लोगों के पास पहने हुए कपड़ों के अलावा कुछ भी नहीं बचा है। ऐसी भीषण स्थिति में भारी बारिश और बाढ़ का खतरा अभी भी सता रहा है क्योंकि, मौसम विभाग ने पहाड़ी इलाकों में जोरदार बारिश होने का अनुमान जताया है। इससे नदियों का जलस्तर फिर से बढ़ने का खतरा भी कायम है।

कोल्हापुर में बाढ़ के नुकसान से बचने के लिए कुछ प्रावधान किए जाएंगे। कोल्हापुर को दो वर्षों में दूसरी बार बाढ़ से नुकसान पहुँचा है। इसके आगे ऐसी स्थिति निर्माण होने ना देने के लिए समिती गठित करके अध्ययन किया जाएगा और इसकी सिफारिशों के अनुसार राज्य सरकार ने प्रावधान करने का ऐलान किया है। साथ ही राज्य सरकार जल्द ही बाढ़ पीड़ितों के लिए सहायता का ऐलान करेगी, यह जानकारी उप-मुख्यमंत्री अजित पवार ने प्रदान की है। इसी बीच केंद्र सरकार ने इन बाढ़ पीड़ितों के लिए सहायता पैकेज का ऐलान किया है। महाराष्ट्र में भारी बारिश से उस्मानाबाद, परभणी में भी खेती का बड़ा नुकसान हुआ हैं। इससे संबंधित विस्तृत रपट प्राप्त हुई है। इसी आधार पर बाढ़ पीड़ित किसानों के लिए ७०० करोड़ रुपयों के पैकेज का ऐलान करने की जानकारी केंद्रीय कृषिमंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने संसद में दी।

इसी बीच, महाराष्ट्र में हुई भारी बारिश के मृतकों की संख्या अब बढ़कर २०७ पर पहुँची है। रायगड़ में बाढ़ का शिकार हुए लोगों की सख्या ९५ हुई है और इसके बाद सातारा में इन मृतकों की संख्या ४५ और रत्नागिरी जिले में मृतकों की संख्या ३५ हुई है। इसी बीच फिलहाल गंभीर घायल हुए ५१ लोगों का अस्पतालों में इलाज़ जारी है। महाराष्ट्र में जून से हुई बारिश के दौरान अब तक कुल २९४ लोगों की मौत हुई है। इस बीच किए गए राहतकार्य में कुल ३.७५ लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया गया है। इनमें से दो लाख से अधिक लोगों का स्थानांतरण सांगली से किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.