बांगलादेशियों को अवैध तरीके से भारतीय पासपोर्ट दिलानेवाले रैकेट का पर्दाफाश – ८ की गिरफ्तारी

मुंबई – बांगलादेशी नागरिकों को पनाह देनेवाले एवं उन्हें जाली कागजातों की सहायता से पासपोर्ट दिलानेवाले बड़े रैकेट का मुंबई पुलिस के आतंकवाद विरोधी दल (एटीएस) ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में तीन बांगलादेशी नागरिकों के साथ कुल ८ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शिवड़ी, वड़ाला, तलोजा एवं मुंब्रा के कौसा में इन सभी की गिरफ्तारी की गई है। तकरीबन ८५ बांगलादेशी नागरिकों को इन गुनाहगारों ने अवैध तरीके से भारतीय पासपोर्ट दिलाया है, यह बात सामने आ रही है। इन गुनाहगारों से जनप्रतिनिधियों के लेटरहेड भी बरामद किए गए हैं। इससे पहले, नवंबर में भी साकिनाका इलाके में ऐसे ही एक रैकेट का पर्दाफाश किया गया था। साथ ही इस मामले में मालेगाव के दो एजंट्स के नाम भी सामने आए थे।

india-bangladesh-illegal-passportबीते महीने में कालाचौकी पुलिस को अक्रम खान नामक बांगलादेशी नागरिक की जानकारी मिली थी। अक्रम खान अन्य बांगलादेशी नागरिकों को जाली पहचान-पत्र दिलाने में भी जुटा होने की जानकारी प्राप्त हुई थी। इसके बाद जाल बिछाकर उसे शिवड़ी से गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान उसने अपना असली नाम अक्रम नूर बाबी ओल्लाउद्दीन शेख बताया था। साथ ही उसने बांगलादेश के नोवोखाली जिले का निवासी होने की बात भी कबूल की। अधिक पूछताछ करने पर वड़ाला के नूरबाबी और मुंब्रा के रफिक शेख के नाम सामने आए। इन दोनों ने हमे जाली आधार कार्ड एवं पैन कार्ड उपलब्ध कराया और इसके ज़रिये पासपोर्ट भी दिलाया, यह जानकारी अक्रम ने प्रदान की।

इसके बाद मुंब्रा के कौसा इलाके से पुलिस ने मोहम्मद रफिक सय्यद को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसने जाली पासपोर्ट बनानेवाले एजंट होने की बात कबूली। वर्ष २०१३ से वह इस तरह से बांगलादेशी नागरिकों को अवैध कागजात बनाकर दे रहा था। इस मामले की गहराई से जाँच करने पर उसने अब तक कम से कम ८५ बांगलादेशी नागरिकों को अवैध कागजात बनाकर देने की बात स्पष्ट हुई। रफिक सय्यद की जाँच में जाली बर्थ सर्टिफिकेट एवं स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट बनानेवाले इदरिस शेख का नाम सामने आया। उसे भी मुंब्रा से गिरफ्तार किया गया है।

इसके अलावा इदरिस की मदद करनेवाले एक व्यक्ति को वड़ाला के ऐंटॉप हिल इलाके से गिरफ्तार किया गया और दूसरे को नवी मुंबई के तलोजा से गिरफ्तार किया गया। यह दोनों जाली रबर स्टैम्प, जाली पासबुक बनाते थे।

इन सभी से बड़ी मात्रा में जाली पहचानपत्र एवं पासपोर्ट बरामद किए गए हैं। साथ ही इन्होंने इस तरह के जाली कागजात प्रदान किए हुए बांगलादेशी नागरिकों की पहचान की जा रही है।

बीते सप्ताह में कलंबोली में एक बांगलादेशी महिला की हत्या हुई थी। यह महिला भारत में लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी और लॉकडाउन के दौरान कुछ दिनों के लिए बांगलादेश जाकर लौट आयी थी। साथ ही उसके साथ रहनेवाले एवं हाल ही में बांगलादेश से लौटी अन्य महिलाओं को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published.