तटरक्षक बल ने एक वर्ष में १,५०० करोड़ रुपयों का अवैध सामान जब्त किया

नई दिल्ली – देश के करीबन २० लाख चौरस किलोमीटर सरहदी क्षेत्र में गश्‍त लगाने का ज़िम्मा संभाल रहे ‘भारतीय तटरक्षक बल’ ने वर्ष २०२० में कुल १,५०० करोड़ रुपयों का अवैध सामान जब्त किया है और लगभग ८० लोगों को गिरफ्तार किया है। इसी बीच तटरक्षक बल ने १० विदेशी मछुआरों के जहाज़ों को भी कब्जे में लिया है, यह जानकारी तटरक्षक बल ने प्रदान की है।

भारत के विशेष आर्थिक समुद्री क्षेत्र में घुसपैठ करेनवाले एवं वहां पर अवैध तरीके से मछली पकड़ने के अलावा सामान की अवैध यातायात करवालों पर तटरक्षक बल ने वर्ष २०२० में बड़ी कार्रवाई की है। कोरोना के दौर में भी तटरक्षक बल बारिकी से गश्‍त लगा रहा था। साथ ही हर दिन तटरक्षक बल के कम से कम ५० जहाज़, १२ विमान इस समुद्री आर्थिक क्षेत्र में गश्‍त लगाने के लिए तैनात रखे जाते हैं। जहाज़ों के साथ ही गश्‍त विमानों की गश्‍त बढ़ाने से इस क्षेत्र में अवैध घुसपैठ और हो रहे यातायात पर लगाम कसने में सहायता हो रही है, यह बात तटरक्षक बल ने कही है। तटरक्षक बल १ फ़रवरी के दिन अपना ४५ वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस पृष्ठभूमि पर वर्ष २०२० में तटरक्षक बल ने किए हुए कार्य की जानकारी अधिकारियों ने साझा की।

इसके अनुसार बीते वर्ष में देश के ‘विशेष आर्थिक क्षेत्र’ (ईईज़ेड) में अवैध तरीके से मछली पकड़ रहे १० विदेशी जहाज़ों को तटरक्षक बल ने कब्जे में किया था। साथ ही ८० लोगों को गिरफ्तार किया है और कुल १,५०० करोड़ रुपयों का सामान जब्त किया हैं। इसके अलावा तूफान, खराब मौसम एवं अन्य संकटों में फंसे छह हज़ार मछुवारों के जहाज़ों को सुरक्षित किनारे पर पहुँचाया है। साथ ही ४० हज़ार मछुआरों को बचाने की जानकारी भी तटरक्षक बल के अधिकारी ने साझा की है। बीते वर्ष देश के तटीय क्षेत्र पर कुल ११ चक्रवात टकराए थे। इस नैसर्गिक आपदा के समय तटरक्षक बल ने यह कार्य किया है।

वर्ष १९७८ में तटरक्षक बल का गठन हुआ था। उस समय तटरक्षक बल के बेड़े में सात जहाज़ थे। अब तटरक्षक बल के बेड़े में १५६ जहाज़ और ६२ विमान मौजूद हैं। तटरक्षक बल के इस बेड़े में वर्ष २०२५ तक अधिक बढ़ोतरी होगी और इसमें कुल २०० जहाज़ और ८० गश्‍त विमान मौजूद रहेंगे, इस दिशा में काम जारी होने की जानकारी भी संबंधित अफसर ने प्रदान की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.