महाराष्ट्र में दिन में जमावड़े पर रोक और रात को कर्फ्यू – कोरोना की नई लहर की पृष्ठभूमि पर प्रतिबंधों में बढ़ोतरी

मुंबई – महाराष्ट्र में शनिवार को कोरोना के नए मामलों की संख्या बढ़कर ४१ हज़ार से अधिक हुई। मुंबई में लगातार तीसरे दिन २० हज़ार से अधिक मामले सामने आए हैं। महाराष्ट्र में कोरोना की नई लहर के दौरान बड़ी तेजी से संक्रमितों की बढ़ती संख्या की पृष्ठभूमि पर आंशिक लॉकडाऊन का ही ऐलान हुआ है। राज्य सरकार ने बढ़ाए प्रतिबंधों के अनुसार अब सुबह से रात तक जमावड़ा करने पर रोक लगाई गई है और रात के ११ बजे से सुबह के ५ बजे तक कर्फ्यू रहेगा। इस समय में सिर्फ काफी ज़रूरी कारणों के लिए ही घरों से बाहर निकलने की अनुमति रहेगी। लेकिन, अभी लोकल ट्रेन की सेवाओं पर किसी भी तरह के प्रतिबंध नहीं लगाए गए हैं।

कर्फ्यू राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या काफी भयानक गति से बढ़ रही है। यह गति दूसरी लहर से कहीं अधिक है। ३ जनवरी को राज्य में कोरोना के १२ हज़ार से अधिक मामले दर्ज़ हुए थे। दूसरे ही दिन इनकी संख्या १८ हज़ार से अधिक हुई। ५ जनवरी को यही संख्या २६ हज़ार से अधिक हुई। ६ जनवरी को ३६ हज़ार और ७ जनवरी को ४० हज़ार से अधिक मामले सामने आए। शनिवार को राज्य में कुल ४१,४३४ नए मामले दर्ज़ हुए हैं और १३ संक्रमितों की मौत हुई।

मुंबई में लगातर तीसरे दिन कोरोना संक्रमण के २० हज़ार से अधिक मामले सामने आए हैं। मुंबई में कोरोना के मामले दर्ज़ होने की मात्रा देश में सबसे अधिक है और फिलहाल राज्य के आधे से ज्यादा मामले मुंबई में सामने आ रहे हैं। मुंबई में शनिवार को ५ कोरोना संक्रमितों की मौत हुई। इस पृष्ठभूमि पर मुंबई महानगरपालिका अपने अधिकार क्षेत्र में सख्त प्रतिबंध लगाने का निर्णय कर सकती है, ऐसे संकेत प्राप्त हो रहे थे। साथ ही पूरे राज्य में नियम सख्त किए जा सकते हैं, यह संकेत भी राज्य सरकार द्वारा दिए जा रहे थे।

पूरे लॉकडाऊन का ऐलान नहीं करेंगे लेकिन, कोरोना का संक्रमण रोकने के लिए सख्त प्रतिबंध लगाने का निर्णय करना होगा, ऐसा राज्य सरकार ने कहा था। शुक्रवार को राज्य के प्रमुख सचिव ने एक उच्चस्तरीय बैठक का आयोजन किया था। इस दौरान प्रतिबधों पर चर्चा हुई और इसकी रपट मुख्यमंत्री के सामने रखी गई। रपट में की गई सिफारिशों पर चर्चा करने के बाद शनिवार शाम राज्य में नए प्रतिबंधों का ऐलान किया गया।

पिछले कुछ दिनों में राज्य में रात के समय जमावड़ा करने पर रोक थी। यानी पांच से अधिक लोगों को साथ आने पर पाबंदी थी। लेकिन, अब सुबह ५ से रात के ११ बजे तक राज्य में जमावड़ा करने पर रोक लगाई गई है। इसके अलावा रात के ११ बजे से सुबह ५ बजे तक सख्त कर्फ्यू लगाने का निर्णय किया गया है। स्कूल-कॉलेज ५ फ़रवरी तक बंद रहेंगे। सिर्फ १० वीं और १२ वीं की परीक्षा और सरकार द्वारा आयोजित परीक्षाओं के लिए अनुमति रहेगी।

इसके अलावा सभी सरकारी और निजी दफ्तरों में ५० प्रतिशत मौजूदगी के निर्देश दिए गए हैं। सरकारी दफ्तरों में भी अनुमति के बिना किसी भी आम नागरिक को प्रवेश नहीं मिलेगा। जिम, स्पा और स्वीमिंग पूल की सुविधाएं पूरी तरह से बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही होटेल्स, नाटक-सिनेमा थिएटर एवं सलोन पहले के निर्देशों के अनुसार ५० प्रतिशत क्षमता से शुरू रहेंगे। लेकिन, इनके लिए रात १० बजे की समय सीमा तय की गई है।

इसके अलावा मॉल भी सुबह १० से रात ८ बजे तक ५० प्रतिशत क्षमता से शुरू रहेंगे। विवाह समारोह, धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं राजनीतिक समारोह भी ५० प्रतिशत क्षमता से ही कार्य करने का निर्णय किया गया है। अंतिम संस्कार के लिए केवल २० लोगों की मौजूदगी की अनुमति रहेगी। आनेवाले दिनों में कोरोना संक्रमितों की संख्या में अधिक बढ़ोतरी होने पर प्रतिबंध अधिक सख्त किए जा सकते हैं, ऐसे संकेत भी राज्य सरकार दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.