राज्य में १८ वर्ष से अधिक उम्र के नागरिकों का टीकाकरण जल्द शुरू नहीं होगा

नई दिल्ली/मुंबई – महाराष्ट्र के स्वास्थ्यमंत्री राजेश टोपे ने मंत्रिमंडल की बैठक में १८ से ४५ आयु वर्ग के नागरिकों का टीकाकरण मुफ्त करने का निर्णय होने का ऐलान किया। लेकिन, यह टीकाकरण तुरंत १ मई से शुरू करना मुमकिन ना होने की बात उन्होंने कही। टीका कंपनियों के साथ बातचीत जारी है और टीके उपलब्ध होने के बाद इस आयु वर्ग के नागरिकों का टीकाकरण शुरू किया जाएगा, ऐसा स्वास्थ्यमंत्री ने कहा है।

टीकाकरण

इसके साथ ही इस आयु वर्ग के ५.७१ करोड़ नागरिक राज्य में मौजूद हैं और इनके टीकाकरण के लिए १२ करोड़ टीकों की ज़रूरत पड़ेगी। वैक्सीन निर्माता कंपनियां ५० प्रतिशत वैक्सीन केंद्र सरकार को प्रदान करेंगी और शेष ५० प्रतिशत वैक्सीन राज्यों को एवं निजी अस्पतालों की माँग के अनुसार प्रदान करेंगी। सभी राज्य वैक्सीन की माँग कर रहे हैं। इस वजह से वैक्सीन की उपलब्धता पर ही टीकाकरण निर्भर करता है। लेकिन, समय पर वैक्सीन उपलब्ध हुई तो महाराष्ट्र में इस आयु वर्ग के सभी नागरिकों का छह महीनों में टीकाकरण करने की क्षमता रहेगी, ऐसा दावा स्वास्थ्यमंत्री टोपे ने किया। साथ ही टीकाकरण केंद्र पर १८ से ४५ आयु वर्ग के नागरिकों की भीड़ ना हो, इस वजह से ३५ से ४५, २५ से ३५, १८ से २५ आयु वर्ग को अलग-अलग चरणों में टीकाकरण शुरू करने का विचार चल रहा है, ऐसा उन्होंने कहा।

केंद्र सरकार ४५ वर्ष से अधिक उम्र के नागरिकों के लिए मुफ्त टीकाकरण जारी रखेगी और १८ से ४५ आयु वर्ग के लिए अलग टीकाकरण केंद्र स्थापित किए जाएँगे, यह जानकारी उन्होंने प्रदान की।

इसी बीच सभी राज्य और केंद्रीय प्रदेशों में कुल मिलाकर फिलहाल १ करोड़ से अधिक वैक्सीन हैं। साथ ही लगभग ५७.७० लाख वैक्सीन अगले तीन दिनों में उपलब्ध किए जाएँगे, यह जानकारी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने प्रदान की है। महाराष्ट्र को अब तक १ करोड़ ५८ लाख ६२ हज़ार ४७० वैक्सीन उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें से ०.२२ प्रतिशत बरबाद हुई वैक्सीन को मिलाकर अब तक कुल १ करोड़ ५३ लाख ५६ हज़ार १५१ वैक्सीन का इस्तेमाल हुआ है। फिलहाल महाराष्ट्र में ५ लाख वैक्सीन अभी भी उपलब्ध हैं और अगले दो दिनों में राज्य को ५ लाख ६ हज़ार ३१९ वैक्सीन की सप्लाई होगी, ऐसा केंद्रीय स्वास्थ्य विभाग ने कहा है। दिल्ली को अब तक ३६.९० लाख वैक्सीन प्रदान हुई हैं। उत्तर प्रदेश को १ करोड़ ३७ लाख ९६ हज़ार वैक्सीन सप्लाई हुई हैं। राजस्थान को १.३६ करोड़, पश्‍चिम बंगाल को १.०९ करोड़ कनार्टक को ९४.३७ लाख वैक्सीन अब तक उपलब्ध कराई गई हैं, यह जानकारी भी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अफसरों ने साझा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published.