एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री – देवेंद्र फडणवीस को उप-मुख्यमंत्री पद

मुंबई – राज्यपाल भगतसिंह कोश्‍यारी ने गुरुवार को एकनाथ शिंदे को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की और देवेंद्र फडणवीस को महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलायी। राजभवन में इस शपथविधि समारोह का आयोजन हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का अभिवादन किया है।

उद्धव ठाकरे ने बुधवार को राज्यपाल भगतसिंह कोश्‍यारी को अपने मुख्यमंत्री पद का त्यागपत्र दिया था। इसके बाद एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस ने राज्यपाल से मुलाकात करके सरकार स्थापित करने का दावा किया। इसके अनुसार गुरुवार शाम राजभवन में मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री को राज्यपाल ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी।

एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के २० वें मुख्यमंत्री बने हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि, शिंदे जमीनी नेता है और वे विधिमंड़ल एवं प्रशासन का बड़ा अनुभव रखते हैं। मुख्यमंत्री शिंदे अपने नेतृत्व में महाराष्ट्र को अधिक ऊंचाई प्रदान करने का काम करेंगे, यह विश्‍वास प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर अपने अभिनंदन के संदेश जारी करके व्यक्त किया है। इसके साथ ही उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का अनुभव और कुशलता इस सरकार के लिए अहम बात साबित होगी, ऐसा प्रधानमंत्री ने कहा है।

सातारा में जन्मे एकनाथ शिंदे ने ठाणे से अपने राजनीतिक कार्यकाल की शुरूआत की थी। साल १९९७ में ठाणे महानगर पालिका में पार्शद बने एकनाथ शिंदे आगे चार बार विधायक बने। महाराष्ट्र के नगरविकास एवं सार्वजनिक निर्माणकार्य विभाग के मंत्री के तौर पर उन्होंने कार्य किया है। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद महाराष्ट्र का सर्वांगिण विकास ही अपना ध्येय होने का ऐलान एकनाथ शिंदे ने किया। साथ ही ठप हुए प्रकल्प हम पूरे करेंगे, यह ऐलान भी नए मुख्यमंत्री ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published.