महाराष्ट्र में ‘कर्फ्यू’ में होगी बढ़ोतरी – बीते २४ घंटों के दौरान राज्य में ९८५ संक्रमितों की मौत

नई दिल्ली – महाराष्ट्र में बीते दो हफ्तों से ‘लॉकडाउन’ जैसे प्रतिबंध लगाए गए हैं। इसके बावजूद रोज़ाना सामने आ रहे कोरोना के नए मामलों की संख्या कुछ हिस्सों के अलावा कहीं भी कम होती नज़र नहीं आ रही है। इस पृष्ठभूमि पर बुधवार के दिन राज्य मंत्रिमंडल की बैठक हुई। इस दौरान महाराष्ट्र में ‘कर्फ्यू’ बढ़ाने के मुद्दे पर सहमति होने की जानकारी राज्य के स्वास्थ्यमंत्री ने साझा की। लेकिन, यह अवधि कितने दिनों के लिए बढ़ाई जाएगी, इस पर दो दिनों में निर्णय होगा, यह जानकारी भी उन्होंने प्रदान की। बुधवार के दिन राज्य में ९८५ कोरोना संक्रमित मृत हुए और ६३,३०९ नए मामले दर्ज़ हुए।

‘कर्फ्यू’

देश में सबसे अधिक कोरोना संक्रमित महाराष्ट्र में पाए जा रहे हैं। बीते महीने से महाराष्ट्र में रोज़ाना सामने आ रहे नए मालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इस वजह से किसी समय राज्य में एक्टीव संक्रमितों की ३०,००० तक कम हुई संख्या अब बढ़कर ६.७५ लाख तक जा पहुँची है। बीते दो हफ्तों से राज्य में रोज़ाना कोरोना के ६० हज़ार से अधिक मामले पाए जा रहे हैं। राज्य में रोज़ाना पाए जा रहे नए मामलों की संख्या ५० हज़ार तक पहुँचने के बाद राज्य में ‘कर्फ्यू’ लगाने का निर्णय किया गया था। १४ अप्रैल की रात आठ बजे से राज्य में लॉकडाउन जैसे प्रतिबंध लगाए गए थे। और यह प्रतिबंध १ मई की सुबह तक जारी रहेंगे।

लेकिन, अब प्रतिबंधों की यह अवधि और सात से पंधरह दिनों तक बढ़ाई जाएगी। बुधवार के दिन हुई मंत्रिमंडल की बैठक से यह संकेत दिए गए। राज्य में कर्फ्यू लगाने के बाद रोज़ाना सामने आ रहे कोरोना के नए मामलों की संख्या में बढ़ोतरी नहीं हुई है और यह संख्या स्थिर हुई है। बल्कि कुछ स्थानों पर कोरोना संक्रमितों की संख्या कम होती दिख रही है। इस वजह से राज्य में प्रतिबंधों की अवधि बढ़ाई जाए, ऐसा मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों का कहना था। प्रतिबंधों के दिनों की अवधि बढ़ाने के मुद्दे पर भी मंत्रिमंडल की बैठक में सहमति होने का ऐलान राज्य के स्वास्थ्यमंत्री राजेश टोपे ने किया। लेकिन, यह प्रतिबंध कितने दिन और बढ़ाना है इसका निर्णय ३० अप्रैल तक मुख्यमंत्री करेंगे, ऐसा स्वास्थ्यमंत्री ने कहा।

इसी बीच मंगलवार से बुधवार की सुबह तक देश में ३,२९३ संक्रमितों की मौत हुई और ३.६१ लाख नए मामले दर्ज़ हुए। इसी बीच देश में कोरोना मृतकों का कुल आँकड़ा २ लाख से अधिक हुआ है और कुल संक्रमितों की संख्या १.८० करोड़ तक जा पहुँची है। देश में फिलहाल २९.७८ लाख संक्रमितों का इलाज़ हो रहा है।

देश में कोरोना की स्थिति काबू में लाने के लिए युद्धस्तर की कोशिशें जारी हैं और सेना, नौसेना और वायुसेना भी आवश्‍यक सामग्री प्रदान करने के साथ अन्य राहत कार्यों में शामिल हुए हैं। वायुसेनाप्रमुख आर.के.एस.भदौरिया ने बुधवार के दिन प्रधानमंत्री से मुलाकात की और वायुसेना राहतकार्य के लिए २४ घंटे तैयार होने का बयान किया। ऑक्सिजन की बढ़ती माँग के अनुसार सप्लाई के लिए भी भारी मात्रा में कोशिश की जा रही है। देश में ७५० ऑक्सिजन प्रकल्प स्थापित करने का ऐलान दो दिन पहले किया गया था। इसके अलावा अतिरिक्त ५०० ऑक्सिजन प्रकल्प शुरू करने का ऐलान किया गया है। भारतीय रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) अगले ३ महीनों में देशभर में इन ५०० मेडिकल ऑक्सिजन प्रकल्पों को स्थापित कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.