नाइजीरिया में आतंकी संगठनों ने किया ३०० से अधिक छात्रों का अपहरण – बोको हराम का हाथ होने की आशंका

अबुजा – नाइजीरिया के कत्सिना प्रांत में आतंकी संगठन ने एक स्कूल पर हमला करके ३०० से अधिक छात्रों का अपहरण किया है। शुक्रवार रात के समय यह घटना हुई है और इसी बीच नाइजीरियन सेना की आतंकियों से मुठभेड़ होने का दावा किया गया है। कत्सिना प्रांत नाइजीरिया के राष्ट्राध्यक्ष मुहम्मद बुहारी का इलाका होने से अपहरण की यह घटना सनसनी फैलानी वाली साबित हुई है। बीते छह वर्षों में स्कूली छात्रों का अपहरण होने की यह तीसरी बड़ी घटना है और इससे पहले की घटनाओं में करीबन ४०० छात्रों का अपहरण किया गया है।

nigeriaशुक्रवार की रात आतंकियों ने कत्सिना प्रांत के कंकारा इलाके में स्थित ‘गवर्नमेंट सायन्स सेकंडरी स्कूल’ पर बड़ा हमला किया। मोटरसायकल एवं अन्य गाड़ीयों से पहुँचे आतंकियों के दो गुटों ने ‘एके-४७’ से वहां पर तैनात सुरक्षाकर्मी एवं सैनिकों पर गोलीबारी शुरू की। एक गुट ने गोलीबारी जारी रखी तो दूसरे गुट ने स्कूल में प्रवेश करके छात्रों का अपहरण किया, ऐसी जानकारी स्थानीय सूत्रों ने प्रदान की। हमला हुआ तब स्कूल में लगभग ८०० छात्र मौजूद थे, यह जानकारी भी सामने आयी है।

इस हमले का अहसास होते ही कुछ छात्रों ने अपनी जान बचाने के लिए स्कूल के करीबी जंगल एवं अन्य इलाकों की दिशा में दौड़ लगाई। हमले की ज़गह से भागने में सफल हुए छात्र शनिवार की सुबह स्कूल लौट आए, यह बताया जा रहा है। फिलहाल स्कूल से ३३३ छात्र लापता हैं और इन सभी छात्रों का अपहरण हुआ होगा, ऐसी चिंता व्यक्त की जा रही है। लेकिन, कत्सिना प्रांत की सुरक्षा यंत्रणा और सेना ने अपहरण किए गए छात्रों की खोज के लिए मुहिम शुरू की है और अपहरण करनेवाले आतंकी गुट की खोज़ करने में कामयाबी प्राप्त होने का दावा किया है। सावधानी के तौर पर कत्सिना प्रांत के सभी स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।

nigeriaराष्ट्राध्यक्ष मुहम्मद बुहारी ने अपहरण की इस घटना पर गंभीरता से संज्ञान लिया है और आतंकियों की इस हरकत का तीव्र शब्दों में निषेध किया है। लेकिन, छात्रों के माता-पिता एवं स्थानीय लोगों ने सरकार के विरोध में तीव्र नाराज़गी व्यक्त की है। ‘कत्सिना प्रांत की जनता हिंसा और आतंक के साये में दिन बिता रही है। वहां पर सरकार का अस्तित्व दिखाई नहीं देता’, ऐसी आलोचना नागरिक कर रहे हैं। अपहरण की इस नई घटना की वजह से नाइजीरिया में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हुआ है।

नाइजीरिया के बोर्नो प्रांत में ‘बोको हराम’ के आतंकियों ने बीते महीने में ही १०० से अधिक किसानों की हत्या की थी। हत्याकांड़ की वह घटना इस वर्ष में सबसे बड़ा क्रूर आतंकी हमला होने का दावा किया गया था। आतंकी ‘अल कायदा’ संगठन से जुड़ी ‘बोको हराम’ अफ्रिका में सबसे खतरनाक आतंकी संगठन के तौर पर जानी जाती है। बीते दशक में गठित किए गए इस संगठन ने नाइजीरिया के साथ चाड़ एवं नाइजर में भी अपने पैर जमाए हैं।

nigeriaकत्सिना में हुआ छात्रों का अपहरण बीते छह वर्षों में अपहरण की तीसरी बड़ी घटना बनी है। इससे पहले अप्रैल २०१४ में ‘बोको हराम’ ने बोर्नो प्रांत के चिबोक में २७६ छात्राओं का अपहरण किया था। इस घटना पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तीव्र प्रतिक्रिया व्यक्त हुई थी। सोशल मीडिया पर ‘ब्रिंग बैक अवर गर्ल्स’ नाम से मुहिम भी चलाई गई थी। इसके बाद वर्ष २०१८ में दापची से ११० छात्राओं का अपहरण किया गया था। इन दोनों घटनाओं में अपहरण की गई छात्राओं की रिहाई करने में नाइजीरिया की सरकार नाकाम हुई और ऐसे में अपहरण की नई घटना से सरकार की नाकामी के विरोध में असंतोष अधिक तीव्र हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.